रायपुर। छत्तीसगढ़ दौरे पर आए कांग्रेसी नेता राहुल गांधी ने आज दूसरे दिन चुनावी रैली में भाजपा पर जमकर हमला बोला। इस बीच राजनांदगांव और कवर्धा में चुनावी रैली से पहले राहुल आज नवा रायपुर के पास कटिया गांव में खेत में जा पहुंचे। खेत में जाकर राहुल ने उस समय सभी को हैरान कर दिया, जब उन्होंने श्रमिकों के साथ धान कटाई में सहयोग किया।
राहुल गांधी खेत में जाते ही गमछा बांधकर धान कटाई में जुट गए। किसानों के साथ उन्होंने धान और अन्य मुद्दे पर बातचीत की। राष्ट्रीय नेता के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी श्रमिकों के कार्य में सहयोग दिया।
राहुल गांधी रविवार को प्रदेश में विभिन्न चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। गारंटी के तौर पर यहां से कोई नई घोषणा होने की संभावना है। इसके बाद राहुल गांधी ने चुनावी रैली को संबोधित किया। राहुल ने कहा कि पांच साल पहले मैंने, सीएम भूपेश और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने छत्तीसगढ़ की जनता से तीन-चार बड़े वादे किए थे, जिसे हमले पूरा किया है। राहुल ने कहा कि सबसे बड़ा वादा किसानों का कर्ज माफ करना था और उसे भी हमले पूरा किया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को धान का दाम 2500 रुपए प्रति क्विंटल देने की बात कही थी, लेकिन आज हम राज्य में किसानों को 2,640 रुपए प्रति क्विंटल प्रदान कर रहे हैं। हम इसे आने वाले समय में 3000 प्रति क्विंटल तक ले जाएंगे।