भारत-नेपाल मैत्री पुल का उद्घाटन: पीएम मोदी और बालेन्द्र शाह ने बढ़ाया सीमाई संपर्क, 200 किमी का चक्कर खत्म
भारत व नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए सोमवार को छारछुम मोटर पुल का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से पुल का लोकार्पण किया, जो पिथौरागढ़ की धारचूला तहसील के छारछुम गांव को नेपाल के दार्चुला जिले के असिगाड़ा से जोड़ता है।
छारछुम ब्रिज पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई, एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे, डीआईजी एसएसबी एस. सुब्रमणियम, कमिश्नर कस्टम्स मयंक शर्मा व नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल सहित दोनों देशों के अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पारंपरिक नृत्य व गीतों के साथ लोगों ने खुशी जताई और दोनों सरकारों का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से बने 110 मीटर लंबे पुल से आवागमन सुगम होगा और सामाजिक, सांस्कृतिक व आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।
वहीं दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि झूला पुलों के स्थान पर वाहनों से आवाजाही होने से समय बचेगा और आर्थिकी को गति मिलेगी। यह उत्तराखंड में भारत-नेपाल के बीच दूसरा मोटरेबल पुल है, जिससे स्थानीय व्यापार व सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।