TCS ने अपने कर्मचारियों को दिया तोहफा, अप्रैल से फ‍िर बढ़ेगी सैलरी

देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टाटा कंसल्‍टेंसी सर्विसेस (TCS) ने अपने सभी कर्मचारियों को वित्‍त वर्ष 2021-22 के लिए वेतनवृद्धि देने की घोषणा की है। ऐसा करने वाली टीसीएस देश की पहली आईटी कंपनी बन गई है। वेतनवृद्धि से कंपनी के 4.7 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा। इस मामले से सीधे जुड़े एक सूत्र ने बताया कि कर्मचारियों को औसत 6-7 प्रतिशत की वेतन वृद्धि दी जाएगी। टीसीएस द्वारा छह माह के भीतर यह दूसरी वेतन वृद्धि होगी। इससे पहले कंपनी ने अक्‍टूबर में अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया था।

4.7 लाख कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

सैलरी बढ़ोतरी के फैसले से TCS के करीब 4.7 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। जानकारों के मुताबिक, ऑफशोर कर्मचारियों की सैलरी में 6 से 7% की बढ़ोतरी हो सकती है। कंपनी के प्रवक्ता ने सैलरी में बढ़ोतरी के फैसले की पुष्टि की है। कंपनी प्रवक्ता का कहना है कि इस फैसले का TCS के दुनियाभर के कर्मचारियों को फायदा मिलेगा।

कर्मचारियों को 6 महीने में 12-14% इंक्रीमेंट मिलेगा

सूत्रों का कहना है कि सैलरी बढ़ोतरी की ताजा घोषणा से TCS के कर्मचारियों को 6 महीने में 12-14% का इंक्रीमेंट मिल जाएगा। पिछले साल अक्टूबर में सैलरी बढ़ाने की घोषणा करने वाली TCS देश की पहली IT कंपनी थी। सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के बावजूद इंडस्ट्री नॉर्म्स के अनुसार इंक्रीमेंट देने का फैसला किया था। जानकारों का कहना है कि TCS ने सैलरी हाइक का ऐलान कर नॉर्मल इंक्रीमेंट साइकल का संकेत दिया है।

अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में रिकॉर्ड प्रदर्शन

अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में भी TCS ने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। सितंबर तिमाही के मुकाबले इसका कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 4.7% बढ़ा है। यह नौ साल में सबसे तेज ग्रोथ है। इससे पहले अक्टूबर-दिसंबर 2011 में 13.5% ग्रोथ रही थी। रेवेन्यू में सालाना ग्रोथ 5.4% और प्रॉफिट में 7.2% रही है। इस तिमाही कंपनी ने 42,015 करोड़ रुपए का बिजनेस (रेवेन्यू) किया। इस पर उसे 8,701 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। दिसंबर 2019 तिमाही में इसे 8,118 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.