Lockdown 2021: होली पर कोरोना का साया, जानें क्या हैं नई गाइडलांस

नई दिल्ली। कोरोना महामारी को लेकर पांच राज्यों- महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और छत्तीसगढ़ ने केंद्र और राज्य सरकारों की चिंता बढ़ा दी है। इन्हीं राज्यों में 80 फीसद से ज्यादा केस सामने आए हैं। वहीं, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और दिल्ली में भी मामले तेजी से बढ़ रहा हैं। वायरस के तेजी से बढ़ते नए मामलों को देखते हुए राज्य सरकारों ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना की नई गाइडलांस को बढ़ाकर 31 मार्च कर दिया है। पंजाब ने स्कूलों को 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला किया है। 11 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। मध्‍य प्रदेश सरकार ने भोपाल, इंदौर और जबलपुर में लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया है। वहीं, केंद्र सरकार ने राज्यों को ‘टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट’ की रणनीति को अपनाने की सलाह दी गई है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना महामारी के 40 हजार से अधिक नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1.15 करोड़ हो गई है और अब तक 1,59,558 लोगों की जान जा चुकी है।

महाराष्ट्र ने 31 मार्च तक बढ़ाई नई कोरोना गाइडलाइंस

कोरोना महामारी से बुरी तरह प्रभावित महाराष्ट्र ने नई कोरोना गाइडलाइंस को 31 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि अगर हालात काबू में नहीं हुए तो लॉकडाउन भी एक विकल्प है। इस बीच, राज्य सरकार ने थियेटर और ऑडिटोरियम को 31 मार्च तक 50 फीसद क्षमता से चलाने का आदेश दिया है।
भोपाल, इंदौर और जबलपुर में 32 घंटे का लॉकडाउन

मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और जबलपुर में शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक यानी कुल 32 घंटे का लॉकडाउन लगाने का एलान किया गया है। 31 मार्च तक इन तीन शहरों में स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे। इस दौरान आवश्यक सेवाएं और उद्योग चालू रहेंगे। बिना अनुमति सामाजिक समारोह भी नहीं आयोजित किए जाएंगे।

सूरत में कफ्र्यू की अवधि एक घंटे बढ़ी

गुजरात में भी कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है। औद्योगिक नगरी सूरत में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। पिछले एक दिन में तीन सौ से ज्यादा नए मरीजों के मिलने के बाद शहर में रात के कफ्र्यू के समय को बढ़ा दिया गया है।

31 मार्च तक सभी शिक्षण संस्थान बंद

पंजाब सरकार ने कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित 11 जिलों में गाइडलाइंस को और सख्त कर दिया है। इन 11 जिलों में 31 मार्च तक मेडिकल कालेजों को छोड़ कर सभी शिक्षण संस्थान बंद करने के आदेश दिए गए हैं। इस दौरान परीक्षाएं भी स्थगित रहेंगी। मोहाली, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, रोपड़, मोगाइन, एसबीएस नगर और फतेहगढ़ साहिब में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। नए फैसले में सरकार ने रोजाना होने वाली टेस्टिंग की संख्या 30 हजार से बढ़ाकर 35 हजार कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.