ओम प्रकाश राजभर ने दिया विवादित बयान, कहा- BJP नेताओं की बहन-बेटियां मुसलमानों के घर ब्याही हैं…

सुहेलदेव समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। संघ प्रमुख मोहन भागवत के DNA वाले बयान पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा कि BJP नेताओं ने अपनी बहन बेटियों की शादी मुसलमानों से करवाई है। इसलिए उनका DNA तो एक होगा ही। एक दिन पहले ही संघ प्रमुख ने कहा था कि सभी भारतीयों का DNA एक है, भले ही वे किसी भी धर्म के क्यों न हों।

राजभर ने कहा- BJP वाले हिंदू-मुसलमान करते हैं
सोमवार को वाराणसी में एक कार्यक्रम में राजभर बोल रहे थे। BJP पर हमला करते हुए राजभर ने कहा, ‘BJP में जितने भी बड़े नेता हैं उन्होंने अपनी बहन या बेटी की शादी किसी ने किसी मुसलमान के साथ ही किए हैं। इसलिए उनका DNA तो एक ही होगा।
भाजपा के लोग गरीब, कमजोर और पिछड़ों और हिंदू-मुसलमान को आपस में लड़ाकर दंगा कराते हैं। बाकी इनके नेताओं के व्यक्तिगत संबंध मुसलमानों से अच्छे हैं। इन लोगों का चाल और चरित्र जनता भी अब समझ गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मोहन भागवत के बयान पर उनको सही जवाब दिया है और मैं भी उसे सही मानता हूं।

मुसलमानों को अपने हक की लड़ाई के लिए एकजुट होना होगा
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि गोकशी करने वालों में सबसे ज्यादा लोग बीजेपी से जुड़े हैं। यह लोग सिर्फ भ्रम फैलाते हैं और निशाना मुसलमानों पर साधते हैं। मुसलमानों को अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए एकजुट होना होगा। एकजुटता के साथ किसी भी दल के साथ खड़े हों और भाजपा को हरा कर दिखाएं। आज देश में ईडी, सीबीआई, आरबीआई और सब प्रमुख जगहों पर गुजरात के लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसकी बड़ी कीमत प्रदेश और देश के लोगों को चुकानी पड़ेगी। जनता से यही आह्वान है कि वो बीजेपी के हिंदू-मुसलमान के झगड़ें के झांसे में न आए। यह देश सभी लोगों का था, है और रहेगा।

संघ प्रमुख ने क्या कहा था ?

संघ प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को गाजियाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि सभी भारतीयों का DNA एक है, भले ही वे किसी भी धर्म के क्यों न हों। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता की बातें भी भ्रामक हैं, क्योंकि ये दोनों अलग नहीं, बल्कि एक हैं। लोगों के बीच पूजा पद्धति के आधार पर अंतर नहीं किया जा सकता है। उन्होंने मॉब लिंचिंग करने वालों के बारे में कहा कि ऐसे लोग हिंदुत्व के खिलाफ हैं।

भागवत ने कहा था कि ये सिद्ध हो चुका है कि हम पिछले 40 हजार साल से एक पूर्वजों के वंशज हैं। इसमें एकजुट होने जैसी कोई बात नहीं है, सभी लोग पहले से ही एक साथ हैं। भागवत का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब यूपी से लगातार जबरन धर्मांतरण की खबरें आ रहीं हैं। योगी सरकार ने भी धर्मांतरण को लेकर सख्ती शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.