लखनऊः फ्लाईओवर निर्माण के दौरान गिरा लोहे का जाल, 6 घायल

लखनऊ । राजधानी स्थित बाजारखाला में हैदरगंज तिराहे पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार रात विक्टोरिया स्ट्रीट पर वत्सला अस्पताल के सामने ड्रिल मशीन से लोहे का जाल गिरने से छह लोग घायल हो गए।घायलों को आनन-फानन में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। वहीं, हादसे से आक्रोशित टूड़ियागंज व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने रास्ता रोक कर नारेबाजी की और सेतु निगम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

बता दें कि सेतु निगम पुराने लखनऊ में नींबू पार्क से हैदरगंज तिराहा और यहां से मिल एरिया पुलिस चौकी तक फ्लाइओवर का निर्माण करवा रहा है। यहां फ्लाईओवर के पिलर बनाने के लिए जगह-जगह पाइलिंग की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार रात विक्टोरिया स्ट्रीट पर वत्सला अस्पताल के सामने निर्माण चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पाइलिंग के लिए ड्रिल मशीन से पहले गड्ढा खोदा गया। इसके बाद ड्रिल मशीन में पट्टे से लोहे के जाल बांधकर इसे गड्ढे में डाला जा रहा था। एक जाल डाला जा चुका था। दूसरा जाल डालते वक्त ड्रिल मशीन जैसे ही गड्ढे की ओर घुमाई गई तो पट्टा खुल गया और लोहे का जाल सड़क पर आ गिरा।

इस हादसे में मोची गंगाराम, दुकानदार मुन्ना, वहां से गुजर रहीं शीला, शबनम, कांता देवी और शांति जाल की चपेट में आकर घायल हो गईं। सिर पर जाल का एक सिरा गिरने से गंगाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। मुन्ना का भी पैर फट गया। इसके अलावा चारों महिलाओं को मामूली चोटें आई। इस पर सेतु निगम के कर्मचारियों ने गंगाराम और मुन्ना को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

वहीं हादसे से आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी।इस दौरान टूड़ियागंज के व्यापारी नेता कृष्ण चंद्र रस्तोगी कई दुकानदारों के साथ मौके पर पहुंच गए और सेतु निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची बाजारखाला पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत करवाया। वहीं सेतु निगम ने निर्माण कार्य शुरू करवाने से पहले नक्खास से हैदरगंज की तरफ जाने वाली रोड पर ट्रैफिक रोक दिया था। नक्खास तिराहे पर डायवर्जन का बोर्ड भी लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.