संविधान दिवस पर पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला, बोले-ओबीसी आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को देना चाहती है कांग्रेस
नयी दिल्ली संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। 26 नवंबर को अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित लेख में पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर इस तरह की व्यवस्था के सख्त खिलाफ थे। प्रधानमंत्री ने लेख में कांग्रेस का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके आरोपों को कांग्रेस पर निशाने के रूप में देखा जा रहा है।
पीएम मोदी ने अपने लेख में संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और पिछले एक दशक में सरकार की ओर से किए गए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। प्रधानमंत्री ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पिछड़े वर्ग के आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर सहित संविधान निर्माताओं की सोच इसके विपरीत थी। गौरतलब है कि केंद्र सरकार की नौकरियों और केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। पीएम मोदी के इस बयान से आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में महिलाओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा है, लेकिन महिलाओं को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने से जुड़े विधेयक को पारित नहीं होने देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय और उचित प्रतिनिधित्व दिलाने का सरकार का संकल्प कमजोर नहीं पड़ेगा। पीएम मोदी ने विपक्ष पर संवैधानिक मूल्यों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप भी लगाया। पीएम मोदी ने अपने लेख में कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने और जनता के मुद्दे सामने रखने की होती है। लेकिन आज विपक्ष अपनी भूमिका निभाने के बजाय बाधाएं खड़ी कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में रुकावट डालना संवैधानिक जिम्मेदारियों का विकल्प नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि दशकों तक नक्सलियों ने आदिवासी और गरीब क्षेत्रों में लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता पर संतोष जताया और कहा कि हथियारबंद नक्सलियों के बाद अब केवल श्दिमागी नक्सली बचे हैं, जो देश की विकास यात्रा में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। अपने लेख में पीएम मोदी ने जीएसटी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लयूएस) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण जैसे फैसलों से जुड़े संविधान संशोधनों का भी उल्लेख किया। संविधान दिवस पर उनका यह लेख कई अहम राजनीतिक और संवैधानिक मुद्दों को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।