बीजेपी का 3 दिवसीय बूथ चलो अभियान आज से

भाजपा के महाअभियान में पार्टी के दस लाख कार्यकर्ता 5, 6 एवं 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 1 लाख 64 हजार बूथों पर जाकर लोक सभा चुनाव के मिशन 2019 का श्रीगणेश करेंगे। भाजपा के इस महाअभियान में प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री संगठन समेत सभी प्रदेश पदाधिकारी, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, सभी मंत्रीगण सांसद, विधायक, मोर्चो के पदाधिकारी, विभाग एवं प्रकोष्ठों, प्रकल्पों के पदाधिकारी, नगर प्रमुख, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, निगमों के चेयरमैन, आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्य बूथों पर जाकर पार्टी के अभियान को सफल बनाएंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मिशन 2019 की तैयारियों में पूरे मनोयोग से जुट गये है। इसी कड़ी में पार्टी द्वारा 5 से 7 अक्टूबर तक बूथ चलो अभियान के तहत मतदाता सूची का पुनरीक्षण, सदस्यता एवं बूथ समितियों का पुनर्गठन का काम किया जा रहा है। इस महाअभियान में सभी जनप्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं।

भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के सभी 1.64 लाख बूथों पर जाकर 21 सदस्यीय बूथ समिति पुनर्गठन के कार्य को पूरा करेंगे। भाजपा ने इस अभियान को लेकर अपने सरकार से लेकर सेक्टर तक के कार्यकर्ताओं को लगाया है। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तीन दिन के अभियान में कम से कम तीन बूथों पर रहेंगे।

इस दौरान सभी बूथों पर कम से कम 50 नए सदस्यों को भाजपा परिवार में जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। डा0 पाण्डेय ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आहवाहन किया कि वे अपने-अपने बूथों पर 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने और उन्हें पार्टी का सदस्य बनाने के कार्य में पूरे मनोयोग से जुटे। युवाओं को मतदाता बनाने के लिए पार्टी ने सभी बूथों पर वोटर पर्ची एवं सदस्यता फार्म संगठन स्तर पर भेजने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.