UP Unlock: आज से सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खुलेंगी दुकानें; वीकेंड लॉकडाउन रहेगा

उत्तर प्रदेश में कोरोना काफी हद तक कंट्रोल में है। इसके चलते प्रदेश के 61 जिलों में आज से अनलॉक शुरू हो गया। इन जिलों में एक्टिव केस 600 से कम हैं। यहां आज से सुबह 7 से शाम 7 बजे बाजार और दुकानें कोविड प्रोटोकॉल के तहत खुलेंगी। हालांकि, शनिवार-रविवार यानी वीकेंड लॉकडाउन रहेगा। फिलहाल, इन जिलों में स्कूल-कॉलेज और शॉपिंग मॉल बंद रहेंगे। सिर्फ ऑनलाइन क्लास चलेंगी।

वहीं, बीते 24 घंटे में प्रदेश में 3.12 लाख टेस्टिंग में महज 0.5% यानी 1,497 संक्रमित मिले हैं। दो माह बाद इतने कम नए केस आए हैं। इससे पहले 28 मार्च को 1,447 केस मिले थे। यूपी में रिकवरी रेट बढ़कर 96.6% हो गया है। हालांकि, चिंता की बात यह है कि 24 घंटे में प्रदेश में 151 संक्रमितों की मौत हुई है।

उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में आज से +18 आयु वर्ग के लोगों का वैक्सीनेशन शुरू हो गया। इसके अलावा 4 जून से सभी जिलों में सीरो सर्वे शुरू किया जाएगा। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि कितने लोगों में कोरोना से लड़ने की एंटीबॉडी बनी हैं।

एक महीने में 88% कोरोना केस घटे
यूपी में अब तक 16.91 लाख लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात यह है कि कुल संक्रमितों का 96.6% यानी 16.33 लाख कोरोना को मात भी दे चुके हैं। एक माह में 88 फीसदी कोरोना केस घटे हैं। 30 अप्रैल को सर्वाधिक 3,10,783 एक्टिव केस थे जो अब घटकर 37,044 हैं। यानी इनका अभी इलाज चल रहा है। इनमें से 20,762 लोग अपने घरों में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। बाकी सरकारी और प्राइवेट कोविड अस्पतालों में भर्ती हैं। अब तक प्रदेश में 4.94 करोड़ लोगों की टेस्टिंग हो चुकी है। अब तक कुल 20,497 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.