आज कानपुर के बिठूर में विसर्जित होंगी अटल जी की अस्थियां

कानपुर –  भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश शुक्रवार को कानपुर आएगा। शहर के विभिन्न मार्गो से अस्थि कलश यात्रा बिठूर स्थित पत्थर घाट पहुंचेगी। वहां उनके परिजन और प्रदेश सरकार के पांच मंत्रियों की मौजूदगी में अस्थि विसर्जन होगा। अस्थि कलश लेकर सुबह 11 बजे अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा गंगापुल जाजमऊ पहुंचेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि कलश यात्रा जाजमऊ से हरजिंदर नगर चौराहा, लालबंगला, पंडित उपवन चौराहा, नरोना चौराहा, फूलबाग, बड़ा चौराहा, परेड, चुन्नीगंज, बकरमंडी, मोतीझील, गोल चौराहा, रावतपुर स्टेशन तिराहा के सामने से कंपनी बाग (अंबेडकर चौराहा), विष्णुपुरी कॉलोनी, गंगा बैराज से बाइपास होते हुए 35 किमी का सफर तय करके बिठूर पहुंचेगी।

बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट पर विसर्जित की जाएंगी अटल जी की अस्थियां

एक रथ में अटल जी का अस्थि कलश होगा। शहरवासी श्रद्धासुमन अर्पित कर सकेंगे। साथ में दूसरे रथ पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री सत्यदेव पचौरी, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, खनन राज्यमंत्री अर्चना पांडेय और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी होंगे। शाम करीब चार बजे कलशयात्रा बिठूर के पत्थर घाट पहुंचेगी। वहां अटल जी की पौत्री नंदिता, उनके पति सुमित मिश्रा, नातिन रेखा पांडेय, नाती अभिषेक पांडेय और देवर्षि शर्मा भी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.