आदमखोर अल्फा का अंत ,लोगों ने ली राहत की सांस

आगरा । ताज नगरी में लोगों को आखिर राहत मिल ही गई। आतंक का पर्याय बने आदमखोर बंदर का अंत हो गया।दरअसल पिछले एक पखवाड़े से छाया आदमखोर बंदर अल्फा का आतंक बुधवार को पिंजरे में कैद हो गया।जिसके बाद लोगों ने सुकुन की सांस ली।

बता दें कि आगरा के रुनकता में पिछले दिनों चौदह दिन के मासूम को मां की गोद से छीनने के बाद बंदर ने बड़ी क्रूरता से उसे मार डाला था। जिसके बाद से आदमखोर बंदर को पकडऩे की कई कोशिशें की गई लेकिन हर बार लोग मायूसी ही हाथ लगी। दरअसल अल्फा यानि बंदरों के झुंड का मुखिया हमले दर हमले के बाद आदमखोर बनता जा रहा था। इधर लोग खौफ के कारण घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए थे।इस आदमखोर बंदर के निशाने पर केवल मासूम बच्चे रहते थे। जिसके चलते क्षेत्र के बच्चों को लोग घरों से निकलने नहीं दे रहे थे। हालांकि बुधवार को अल्फा दो माह के मासूम की वजह से ही पकड़ में आ सका।

दरअसल रुनकता के कचहरा थोक मोहल्ले में रहने वाली रजनी के घर दो दिन पूर्व उसकी बड़ी बहन अपने दो माह के बच्चे के साथ आई थी। बच्चे के घर में आने के बाद से आदमखोर बंदर घर के आस पास ही चक्कर लगा रहा था। बच्चे के ऊपर मंडराते खतरे को परिवार के लोगों ने भांप लिया था। रजनी की बहन अपने बच्चे के साथ चली गईं। इसके बाद से परिजनों ने घर के दरवाजे खुले रखे।

योजना आदमखोर बंदर को पकडऩे की थी। बंदर जैसे ही घर के पास आया तो परिजन छुप कर नजर रखे रहे। मौका देखकर बंदर बच्चे पर हमला करने के इरादे से जैसे ही घर के कमरे में दाखिल हुआ तो परिजनों ने कमरे का दरवाजा लगा दिया और वन विभाग को तुरंत सूचित किया। विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बंदर पर रजाई डालकर काबू में लिया।इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published.