हांगकांग : चीन के इरादों का लोकतंत्र समर्थक पुरजोर तरीके से करेंगे विरोध

हांगकांग। हांगकांग में अपने विरोध में उठ रही आवाजों को बंद करने के चीन के इरादों का लोकतंत्र समर्थक पुरजोर तरीके से विरोध करेंगे। लोकतंत्र समर्थकों ने अब अपने देश में ही नहीं, विदेशों में भी आंदोलन को तेज करने का फैसला किया है।

चीन ने हाल ही में अपने अ‌र्द्ध स्वायत्तता वाले हांगकांग में चुनाव व्यवस्था में नए नियमों को लागू करते हुए यहां विरोधियों की आवाज दबाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के बाद चीन का यह दूसरा पैंतरा है, जिसमें लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया जा रहा है।

लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं ने एक पत्र जारी किया है, जिसे ‘2021 हांगकांग चार्टर’ का नाम दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि हांगकांग के स्थानीय निवासी तेजी से पलायन कर रहे हैं। जो यहां रह रहे हैं, वे राजनीतिक हालातों से डरे हुए हैं।

लोकतंत्र समर्थकों का कहना है कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ने 2021 में चुनाव सुधार के नाम पर देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को पूरी तरह खत्म कर दिया है। ये सुधार ‘एक देश, दो विधान’ की व्यवस्था के ताबूत में आखिरी कील साबित होंगे। इसलिए अब हमने दुनियाभर के अपने समर्थकों से चीन के खिलाफ मुहिम छेड़ने की अपील की है, जिससे हांगकांग की स्वायत्तता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published.