बंगाल बंगालियों का है या बिहारियों का?’ टीएमसी सांसद के बयान पर सियासी बवाल, भाजपा ने किया पलटवार
कोलकाता पश्चिम बंगाल में छठ पूजा को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने हावड़ा रेलवे स्टेशन पर छठ महापर्व के लिए की गई भव्य सजावट पर सवाल उठाते हुए विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बंगाली संस्कृति को कमजोर किया जा रहा है और गैर-बंगालियों का प्रभाव बढ़ रहा है। उनके बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेताओं ने इसे विभाजनकारी राजनीति बताते हुए टीएमसी पर निशाना साधा है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान कल्याण बनर्जी ने हावड़ा रेलवे स्टेशन पर छठ पूजा के लिए की गई सजावट की तुलना दुर्गा पूजा की व्यवस्थाओं से की। उन्होंने सवाल उठाया कि दुर्गा पूजा के दौरान इस स्तर की सजावट क्यों नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि क्या पश्चिम बंगाल बंगालियों का है या बिहारियों का? सांसद ने आरोप लगाया कि बंगाली राज्य में दूसरे दर्जे के नागरिक बनते जा रहे हैं और गैर-बंगालियों का दबदबा बढ़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले पांच वर्षों तक यही स्थिति बनी रही तो बंगाल में बंगाली संस्कृति और पहचान को नुकसान पहुंच सकता है। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है। टीएमसी सांसद के बयान पर पश्चिम बंगाल के मंत्री इंद्रनील खान ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे विभाजनकारी राजनीति करार देते हुए टीएमसी और वाममोर्चा के शासनकाल पर सवाल उठाए। खान ने पूछा कि क्या मां काली को प्रिजन वैन में ले जाना बंगाली संस्कृति है? क्या मुहर्रम के लिए दुर्गा विसर्जन रोकना या दरीभीत में बंगाली भाषा के शिक्षक की मांग कर रहे छात्रों पर गोली चलना बंगालियों के हित में था? उन्होंने कहा कि भारत की पहचान विविध संस्कृतियों और परंपराओं से है। हर समुदाय को अपने त्योहार मनाने का अधिकार है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सभी नागरिकों के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सहयोग करे। उन्होंने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी छठ पूजा की आलोचना करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने ऐसी टिप्पणियों को संकीर्ण मानसिकता और वोट बैंक की तुष्टिकरण राजनीति बताया। अधिकारी ने कहा कि छठ सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है और इसे किसी एक राज्य या समुदाय तक सीमित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि देश की विविधता ही उसकी ताकत है और सभी भारतीयों को अपनी परंपराओं के अनुसार त्योहार मनाने का अधिकार है। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब देशभर में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए छठ को संकल्प और आध्यात्मिक साधना का पर्व बताया। उन्होंने छठी मैया से सभी व्रतियों और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। छठ पूजा की व्यवस्थाओं को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब बंगाली पहचान, सांस्कृतिक अधिकार और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बन गया है।


