शिलान्यास पत्थर हटाने पर सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठे

फर्रूखाबाद– रात के अँधेरे में नगर पालिका की जेसीवी ने कलक्ट्रेट गेट पर लगे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का शिलान्यास पत्थर उखाड़ फेंका। यह जानकारी होते ही सपाइयों ने मौके पर पहुंचकर धरना देते हुए नारेबाजी की। सपाइयों के धरने से प्रशासन में हडकंप मच गया।

सपा सरकार में कलक्ट्रेट से कन्नौज जनपद के छिबरामऊ तक फोर लेन सड़क का निर्माण कराया गया था। 20 मार्च 2012 को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री शिव पाल सिंह यादव के नाम से शिलान्यास पत्थर लगाया गया था। नगर पालिका की जेसीवी ने अखिलेश यादव का पत्थर उखाड़ फेंका। शिलान्यास पत्थर के लिए बनाए गए प्लेटफार्म को तोड़कर टायल, ग्रिल आदि भी उखाड़ फेंके। नगर पालिका के कर्मचारी जेसीवी से खुदाई कर रहे थे तभी उधर से निकल रहे लोहिया वाहिनी के नगर अध्यक्ष रजत क्रन्तिकारी ने पत्थर पर जेसीवी चलती देखी तो वह जेसीवी कर्मचारी से भिड गए। उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेताओं को इस सम्बन्ध में सूचित किया। आनन् फानन में कलक्ट्रेट गेट पर बड़ी संख्या में सपाई जमा हो गए। प्रशासन पर गुस्सा उतारते हुए सपाइयों ने नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया।

सपाइयों ने मांग की कि अगर पत्थर को जल्द न लाया गया तो बड़ा आन्दोलन किया जायेगा। महानगर अध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि प्रशासन ने पत्थर को वापस लाने का आश्वासन दिया है।जिलाधिकारी मोनिका रानी के निर्देश पर सपाइयों के धरने पर पहंचे अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह ने नगर पालिका अध्यक्ष के पति मनोज अग्रवाल से संपर्क कर पत्थर मंगवा लिया और आश्वासन दिया कि सुन्दरीकरण में पत्थर को पुनः लगवा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.