फर्रुखाबाद में मुख्यमंत्री ने 50 विकास संदेश यात्रा की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

फर्रुखाबाद – जिले में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहगढ़ स्टेडियम में 50 विकास संदेश यात्रा की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विकास संदेश यात्रा में केंद्र में भाजपा सरकार के चार वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में एक वर्ष के कार्यकाल को दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके बाद विकास कार्यों की समीक्षा के साथ ही जिला अस्पताल का दौरा किया। सीएम ने इसके बाद जनसभा को संबोधित किया और विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में शामिल प्राइवेट कंपनी के लोग स्वयं के हित में जुटे रहे। उनके एजेंडे में किसान, मजदूर और युवाओं के लिए कुछ नहीं था। पिछली सरकारों के एजेंडे में किसान, नौजवान, महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य नहीं था। इन महत्वपूर्ण चीजों पर ध्यान नहीं दिया गया था। भाजपा की सरकार किसानों और मजदूरों, युवाओ व समाज के सभी वर्गों के लिए काम कर रही है।

योगी  ने कहा कि फर्रुखाबाद में पर्यटन की अपार संभावनाए हैं। इस जनपद के साथ भेदभाव किया गया। बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया। हमने भेदभाव को समाप्त किया और जिला मुख्यालयों को 24, तहसील को 20 व ग्रामीण क्षेत्र को 18 घंटे बिजली देना सुनिश्चित किया। आलू उत्पादक किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा था। केंद्र सरकार के सहयोग से आलू उत्पादक किसानों के लिए समर्थन मूल्य की घोषणा की गई। भाजपा की सरकार बनी तो पहली बार उन्होंने इसका समर्थन मूल्य घोषित किया।

इसके साथ कई और अच्छी विकास योजनाएं लाई जा रही हैं। उसमें फर्रुखाबाद को भी शामिल किया जायेगा। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि विकास योजनाएं बनाने से विकास नहीं होता। विकास के लिये जमीन पर काम करना होगा। कोई भी व्यक्ति भूख से न मरने पाए। पात्रों को लाभ दिया जाए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल का निरीक्षण किया। वहां वार्ड में भर्ती मरीजों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने जान औषधि केंद्र देखा। उसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पांच बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया। इसके बाद वहां 329 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान तथा विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के साथ भाजपा के पदाधिकारी तथा जिले के शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। यहां से मुख्यमंत्री एटा रवाना हो गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published.