
एक तरफ जहां केंद्र व प्रदेश की सरकार नए कृषि कानूनों से नाराज चल रहे किसानों को मनाने में जुटी है, वहीं कुछ नेता किसानों को छल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सामने आया है। यहां कोंच तहसील क्षेत्र के तीतरा खलीलपुर गांव में भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष ने अपने व्यापारी भाइयों के साथ मिलकर 50 किसानों से दो करोड़ रुपए की गेहूं की खरीद की। लेकिन, जब किसानों ने चेक बैंक में लगाया तो पता चला कि खरीदारों के खाते में पैसा ही नहीं है। नतीजा चेक बाउंस हो गया। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने भाजपा नगर अध्यक्ष समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है।
22 सौ रुपए प्रति क्विटल के हिसाब से खरीदा उपज
भाजपा के नगर अध्यक्ष गिरीश चतुर्वेदी ने अपने 3 अन्य व्यापारी भाइयों के साथ मिलकर कोंच तहसील के तीतरा-खलीलपुर सहित आसपास के 6 गांवों के लगभग 50 किसानों से 22 सौ रुपए प्रति क्विटंल के हिसाब से गेहूं खरीदा था। कुल 2 करोड़ रुपए का गेहूं खरीदा गया। जिस किसान की जितनी उपज खरीदी गई, उस हिसाब से उन्हें चेक दिया गया। जैसे बच्चू प्रसाद को दो लाख रुपए का चेक तो महेश चंद्र 3.50 लाख रुपए का चेक मिला। लेकिन जब किसानों ने चेक क्लीयर कराने के लिए बैंक में जमा किया तो चेक बाउंस हो गया। जब किसानों ने व्यापारियों से संपर्क साधा तो उनके मोबाइल स्विच ऑफ बता रहे थे।

किसान राजेंद्र सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज
जब किसानों ने उरई बीजेपी नगर अध्यक्ष गिरीश चतुर्वेदी से बात की तो वह पेमेंट देने की बात कहते रहे। लेकिन किसी का भी भुगतान नहीं हुआ। जिसके बाद सभी किसानों ने उप जिलाधिकारी कोंच अशोक कुमार वर्मा से इस षड्यंत्र की बात बताकर शिकायत की थी। जिसकी जांच कराने के बाद एसडीएम के आदेश पर किसान राजेंद्र सिंह की शिकायत पर भाजपा नगर अध्यक्ष उरई गिरीश चतुर्वेदी उनके तीन अन्य साथी के खिलाफ किसानों के साथ धोखाधड़ी करने और उनका पैसा हड़प लेने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है इस मामले में कोंच कोतवाल इमरान खान ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।